डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले ही सियासी उठापटक शुरू हो गई है। आज (रविवार, 16 अगस्त) बिहार सरकार के उद्योग मंत्री श्याम रजक को JDU ने पार्टी से निकाल दिया है। बताया जा रहा है कि रजक सोमवार को अपने मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले थे। पार्टी आला कमान को जैसे ही जानकारी लगी कि वे पार्टी छोड़ने वाले हैं, इसके बाद यह कार्रवाई की गई है। वहीं आरजेडी ने पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की सहमति के बाद JDU के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने यह आदेश जारी किया है। पार्टी से निकाले जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्याम रजक को मंत्रिमंडल से भी बर्खास्त कर दिया है। सीएम नीतीश ने बर्खास्तगी की सिफारिश राज्यपाल से कर दी है। सूत्रों का कहना है कि श्याम रजक राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल हो सकते हैं। काफी पहले से ही श्याम रजक के RJD में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।